अनफिट वाहनों को लेकर एआरटीओ प्रशासन सख्त,286 स्कूली व यात्री वाहनों का पंजीयन निलंबित

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में अनफिट वाहनों को लेकर एआरटीओ प्रशासन से सख्त रुख अख्तियार किया है। इसके चलते ही 286 अनफिट वाहनों का पंजीयन छह माह के लिए निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। इसमें 174 स्कूली वाहन शामिल हैं। सभी अनफिट वाहनों के नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए हैं। इस अवधि में फिटनेस न कराने पर पंजीयन निरस्त कर पोर्टल से डाटा डिलीट कर दिया जाएगा। उसके बाद यह वाहन कंडम घोषित हो जाएंगे। इससे वाहन स्वामियों में हड़कंप है।

जिले में 1090 स्कूली बस व वैन स्कूली वाहन के बतौर पंजीकृत हैं। इसमें से अनफिट 174 स्कूली वाहनों का फिटनेस कराने के लिए कई बार स्कूल संचालकों व प्रबंधकों को नोटिस जारी की गई थी। एआरटीओ प्रशासन अंकिता शुक्ला ने बताया कि अनफिट सभी 174 स्कूली वाहनों का पंजीयन छह माह के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही अनफिट 112 निजी यात्री वाहनों के पंजीयन भी छह माह के लिए निलंबित किया गया है।