होली जुलूस में फेंका गया कथित तेजाब, युवक गंभीर रूप से झुलसा; पुलिस जांच में जुटी

Uncategorized

संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर के बड़ी बाजार में बुधवार दोपहर होली के जुलूस के दौरान अफरा-तफरी मच गई, जब भीड़ के बीच किसी ने छत से कथित रूप से तेजाब फेंक दिया। इस घटना में जुलूस में शामिल एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि पांच अन्य लोगों पर हल्के छींटे पड़े, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार वलीदपुर के काजी टोला निवासी मनीष कंस्कार उम्र 25 वर्ष होली के जुलूस में शामिल थे। जुलूस संगत जी मंदिर से अपने पारंपरिक मार्ग होते हुए सोनार गली और छोटी बाजार से होकर बड़ी बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान रंग-गुलाल और भीड़भाड़ के बीच किसी ने कथित रूप से छत से तेजाब फेंक दिया। तेजाब गिरते ही मनीष के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए और वह दर्द से चिल्लाते हुए जुलूस के बीच गिर पड़े। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। जुलूस में मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद पीड़ित मनीष ने बड़ी बाजार के तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी कमलाकांत वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। प्रथम दृष्टया पीड़ित ने तेजाब फेंके जाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।