बाराबंकी में दिखी कौमी एकता की मिसाल, मुस्लिम समुदाय ने बुलडोजर पर चढ़कर कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, लगाएं बम-बम भोले के नारे

स्थानीय समाचार

राघवेंद्र मिश्रा/ बाराबंकी

बाराबंकी जिले में बेहद अनोखा नजारा देखने को मिला। जहां बदमाशों के लिए खौफ बन चुके बाबा के बुलडोजर पर सवार होकर मुस्लिमों ने लोधेश्वर महादेवा जा रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और बेहद अनोखा स्वागत किया। इस दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की अनोखी मिसाल देखने को मिली। इस दौरान योगी सरकार में राज्य मंत्री सतीश शर्मा, भाजपा सांसद उपेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी अविनाश कुमार और एसपी दिनेश कुमार सिंह समेत तमाम नेता और आलाधिकारी भी मौजूद रहे। यह शानदार नजारा बाराबंकी जिले में लखनऊ- अयोध्या हाईवे पर स्थित डीएम आवास के पास दिखा। दरअसल बाराबंकी जिले की तहसील रामनगर में स्थित लोधेश्वर महादेवा मंदिर में शिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक करने के लिए दूर-दूर के जिलों के साथ ही दूसरे राज्यों से भी कांवड़िए जा रहे हैं। इन्हीं कांवड़ियों के स्वागत के लिए शहर के मुस्लिमों ने अनोखी मिसाल पेश की। यहां मुस्लिमों ने बुलडोजर पर सवार होकर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान मुस्लिमों ने कार्यक्रम आयोजित करके कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को फलाहार और जलपान कराया।

हर हर महादेव के जयकारे भी लगाये

साझा संस्कृति वाले बाराबंकी जिले में मुस्लिमों ने कांवड़ियों की सेवा के बाद उनके साथ अपने दोनों हाथ उठाकर बम-बम भोले और हर हर महादेव के जयकारे भी लगाये। मुस्लिमों को इस तरह से भाव विभोर होते हुए देख शिव भक्त कांवड़िए भी उत्साहित दिखे और उन्होंने सभी को आशीर्वाद भी दिया। कांवड़ियों ने बताया कि वह हर साल यहां जलाभिषेक के लिए आते हैं। यहां उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

‘भारत की पहचान एकता है’

इस मौके पर राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि भारत की पहचान एकता है। यहां हर मजहब और जाति के लोग एक साथ मिलकर रहते हैं। कोई भी धर्म किसी से बैर रखना नहीं सिखाता है। हम चाहे किसी भी धर्म से संबंध रखते हों लेकिन हर धर्म की इज्जत करनी चाहिए। वहीं बाराबंकी से सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शिव भक्त कांवड़िए बहुत पुण्य का काम करते हैं। वह दूर-दूर से आकर महादेवा में जलाभिषेक करते हैं। बुलडोजर से मुस्लिमों ने जो पुष्प वर्षा की है, उससे पूरे देश में अनोखी मिसाल देखने को मिली है।

शिव भक्तों की सेवा करना मुस्लिमों के लिए सच्ची श्रद्धा

मुस्लिम समाजसेवी ताज बाबा राइन, सलमान, फिरोज हसन, राजीव गुप्ता बब्बी ने कहा कि शिव भक्तों की सेवा करना मुस्लिमों के लिए सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश को बांटने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह अपने इरादों में सफल नहीं हाे पाएंगे। क्योंकि हम लोग देवा-महादेवा की धरती के निवासी हैं।

हम लोग हमेशा गंगा-जमुना तहजीब की मिसाल पेश करते हैं। हम जितने जोश के साथ ईद मनाते हैं। उतने ही जोश के साथ होली और दीपावली भी मनाते हैं। हम लोग हर साल इसी तरह कांवड़ियों का पूरे जोश के साथ स्वागत और सत्कार करते हैं।