आजमगढ़ से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को छपरा वाया फेफना–रसड़ा–मऊ चलाने की मांग, सौंपा गया पत्रक।

स्थानीय समाचार

आजमगढ़ से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को छपरा वाया फेफना–रसड़ा–मऊ चलाने की मांग, सौंपा गया पत्रक।

रसड़ा (बलिया)।
स्थानीय नगर के ठाकुरबाड़ी निवासी समाजसेवी विश्वजीत जायसवाल ने जनहित में रसड़ा क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं को लेकर दो अलग–अलग पत्रकों के माध्यम से महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं।
पहला पत्रक भारत सरकार के रेल मंत्री, नई दिल्ली को रसड़ा रेलवे अधीक्षक के माध्यम से सौंपा गया है, जिसमें इंदारा–फेफना रेल मार्ग को मुख्य लाइन घोषित करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि इस रेल मार्ग को मुख्य लाइन का दर्जा मिलता है तो रसड़ा क्षेत्र के लोगों को दिल्ली, मुंबई, चेन्नई सहित देश के प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली ट्रेनों के ठहराव व आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
दूसरा पत्रक घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय को सौंपा गया है। चूंकि रसड़ा विधानसभा क्षेत्र घोसी लोकसभा के अंतर्गत आता है, इसलिए मांग की गई है कि इस विषय को लोकसभा के पटल पर उठाया जाए। पत्रक में विशेष रूप से आजमगढ़ से चलने वाली दिल्ली व अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों को छपरा वाया फेफना–रसड़ा–मऊ होकर संचालित किए जाने की मांग रखी गई है।
समाजसेवी विश्वजीत जायसवाल ने बताया कि प्राचीन रसड़ा रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन रेलवे विभाग को लाखों रुपये की आय होती है, इसके बावजूद यहां ट्रेनों का ठहराव नहीं दिया जा रहा है। मजबूरी में यात्रियों को अन्य स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे उन्हें भारी असुविधा और परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने भारत सरकार से जनहित में हस्तक्षेप कर रसड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव तथा देश के कोने–कोने तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।