संवाददाता : रिंकू सिंह
आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये का इनामिया हिस्ट्रीशीटर व शातिर गोतस्कर की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक गोतस्कर के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि वहीं उसके दो साथी अंधेरे और सरसों की फसल का फायदा उठाकर फरार हो गये। गिरफ्तार गोतस्कर नसीम उर्फ लम्बू के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस व बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार बीती देर रात जिले के रानी की सराय थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मी ऊंची गोदाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 3 शातिर पशु तस्कर अवैध हथियार के साथ सोनवारा से बड़ैला ताल की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने छैला इनार तिराहे पर पहुंचकर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की तो कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिये। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल बदमाश की पहचान नसीम उर्फ लम्बू निवासी ग्राम कोटिला थाना रानी की सराय के रूप में हुई। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी रानी की सराय भेजा गया। मौके से पुलिस ने देशी तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा मिस कारतूस, 2 जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत ई-चालान के माध्यम से सीज किया गया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा सं. 44/2026 धारा 109(1), 351(3) बीएनएस तथा मुकदमा सं. 45/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में घायल आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ आजमगढ़ व आसपास के जिलों में चोरी और पशु तस्करी की कई घटनाओं में शामिल रहा है, पुनः इस रास्ते पर चोरी व पशु तस्करी के इरादे से घूम रहे थे। पुलिस के अनुसार फरार दो अभियुक्तों की पहचान वसीम व भुटेली उर्फ करिया निवासीगण ग्राम कोटिला के रूप में हुई है, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।




