छठ के बाद गंगा घाटों पर पसरी गंदगी को किया साफ नदी हमारी है, जिम्मेदारी भी हमारी है का दिया संदेश

धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति

संवाद दाता:-सलीम जावेद 

वाराणसी। छठ पूजा के बाद गंगा घाटों पर पसरी गंदगी को साफ करने के लिए नगर निगम और नमामि गंगे ने बुधवार को स्वच्छता अभियान चलाया । दशाश्वमेध , प्रयाग और राजेंद्र प्रसाद घाट तक गंगा तट पर फैले धार्मिक निर्माल्य एवं अन्य गन्दगी को समेट कर घाटों को साफ किया गया। जन जागरूकता के दौरान स्वच्छता के महत्व को बताते हुए लोगों से गंगा घाटों पर साबुन, शैम्पू आदि का उपयोग न करने और कूड़ा न फैलाने की अपील की गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ घाट-निर्मल गंगा, यही हमारी सच्ची पूजा है । हम सभी को मिलकर आस्था के साथ जिम्मेदारी भी निभाना है, माँ गंगा को स्वच्छ और अविरल भी बनाये रखना है। अब गंगा के संग जुड़ाव केवल आस्था तक सीमित नहीं, लोग उसे अपनी ज़िम्मेदारी, अपनी पहचान और अपने गर्व के रूप में महसूस करने लगे हैं। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, नगर निगम सुपरवाइजर कामेश्वर सेठ, दिनेश चौधरी, गोपाल साहनी, भगवान दास, महेंद्र साहनी , रेखा हेमवती, लकी देवी उपस्थित रहे।