युवाओं के लिए प्रदेश की महत्वाकांक्षी योजना —

सांसद एवं विधायक खेल स्पर्धा का हुआ शुभारंभ
लखनऊ/बलिया:
उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना के तहत युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु “सांसद खेल स्पर्धा” एवं “विधायक खेल स्पर्धा” का शुभारंभ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को लखनऊ में किया। यह कार्यक्रम राज्य के सभी जिलों में एक साथ आयोजित किया गया।
बलिया जिले में इस कार्यक्रम का शुभारंभ विकास भवन सभागार में किया गया, जिसके मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष माननीय संजय मिश्रा जी रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दया शंकर सिंह जी के भाई धर्मेंद्र सिंह जी, प्रदेश अध्यक्ष विश्वकर्मा महासभा भाजपा मारकंडे शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी बलिया ओजस्वी राज, डीडीओ आनंद राज, जिला नवयुवक मंगल दल एवं प्रादेशिक विकास दल के प्रभारी अधिकारी दिनेश यादव, तथा जिला खेलकूद अधिकारी बलिया सहित सभी ब्लॉक के बीओ (ब्लॉक ऑफिसर) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा नवयुवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल के प्रतिनिधियों को खेलकूद किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य हर गाँव में खेलकूद की संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रत्येक गाँव में खेल मैदान विकसित किया जाएगा और हर न्याय पंचायत पर एक मिनी खेलकूद स्टेडियम बनाया जाएगा ताकि युवा वर्ग — चाहे महिला हो या पुरुष — अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके और प्रशिक्षण प्राप्त कर सके।
मुख्यमंत्री जी ने यह भी कहा कि नवयुवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद के साथ-साथ लेखन, कविता, चित्रकला जैसे सृजनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करें ताकि गाँव की प्रतिभाएं जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री जी ने खेल, लेखन, कविता एवं चित्रकला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अपने हाथों से सम्मानित किया।




