मैनपुरी
मैनपुरी में पराली जलाने पर लगाए गए जुर्माने पर दो भाई भड़क उठे। जुर्माने का प्रपत्र मिलने पर वह लेखपाल के साथ बदसलूकी करने लगे। इसके अलावा नायब तहसीलदार के सामने ही दबंगों ने जुर्माने का कागज फाड़ दिया और अभद्रता की। घटना के बाद लेखपाल और नायब तहसीलदार ने दबंग युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
ये मामला किशनी थाना क्षेत्र के नगरिया चियायन गांव का है। बुधवार को किशनी के नायब तहसीलदार रोहित यादव और चितायन के लेखपाल वैभव सत्यार्थी नगरिया गांव पहुंचे। यहां वेदप्रकाश और उसके भाई सत्यप्रकाश को धान के खेत की पराली को आग लगा दी थी। सेटेलाइट द्वारा इनके खेतों की तस्वीर तहसील प्रशासन के पास आई तो तहसीलदार के निर्देश पर 20 अक्टूबर को 2500 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया।
फाड़ दिया जुर्माने का प्रपत्र
25 अक्टूबर की शाम जब नायब तहसीलदार और लेखपाल आरोपियों के यहां जुर्माना वसूलने पहुंचे तो दोनों आरोपी लेखपाल और नायब तहसीलदार को धमकी देने लगे और जुर्माने का कागज फाड़कर फेंक दिया। इसके बाद तहसील प्रशासन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 332, 504, 506 और 527 और दलित उत्पीड़न के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों भाई फरार हो गए हैं। जिसकी तलाश की जा रही है।
