तिलहर/शाहजहांपुर: कोतवाली क्षेत्र के गांव सुनौरा अजमतपुर के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली के गर्रा नदी में गिरने से हुईं 14 मौतों से गांव में कोहराम मच गया है। रविवार को जब गांव से 14 अर्थियां उठीं तो पूरा गांव चीखों से थर्रा उठा।जिन लोगों ने अपनों को खोया वे कभी रोते-रोते सन्नपात में चले जाते तो कभी अचानक से चीख पड़ते। शनिवार रात से लेकर गांव में गम और मातम पसरा हुआ है। गांव निवासी कथावाचक आकाश तिवारी हर साल भागवत कथा का आयोजन करते हैं। पूरा गांव इस धार्मिक आयोजन में जुटता है।
अतीक- अशरफ मर्डर : टर्की मेड पिस्टल से अंजाम दिया गया Shootout, अतीक को मारी गईं 8 गोलियां
भागवत कथा के शुभारंभ से पहले शनिवार को कलश यात्रा निकाली गई और ट्रैक्टर ट्रालियों व अन्य वाहनों से बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्गों समेत सभी गर्रा नदी से जल भरने के लिए गर्रा नदी के लिए रवाना हुए थे। बिरसिंहपुर गांव के पास गर्रा नदी पुल पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए 40 फुट नीचे नदी में जा गिरी थी। इस बीच चालक सौरभ ट्रैक्टर से कूदकर भाग निकला था। हादसे में छह लोगों की मौके पर, जबकि बाद में इलाज के दौरान हुईं मौतों से अब तक 14 लोग दम तोड़ चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद शवों को गांव ले जाया गया तो घरों में कोहराम मच गया। अलग-अलग घरों से रविवार की सुबह अर्थियां उठीं तो चीखों से पूरा गांव थर्रा उठा। अर्थियां उठने के बाद हर गली में एक अजीब सा सन्नाटा पसर गया। सुनाई दे रहीं हैं तो बस सिसकियां। ऐसा कोई ग्रामीण नहीं जो हादसे से हतप्रभ न हो। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला, एक 50 साल की महिला के अलावा एक युवक और युवती के अलावा दस बच्चों की मौत हुई हैं, जिनकी उम्र सात से 16 वर्ष तक की है।
चार शवों की अंत्येष्टि, 10 बच्चों को दफ्नाया गया
रविवार को 60 वर्षीय रूपवती व प्रमोद सिंह की 50 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी के अलावा मुरारी की 20 वर्षीय पुत्री शिवानी और यज्ञोपवीत संस्कार हो जाने के कारण 18 वर्षीय पुत्र अभिनव की अंत्येष्टि की गई।
वहीं 16 वर्षीय साजन तिवारी, 15 वर्षीय कल्लू, 10 वर्षीय गोलू, 18 वर्षीय अंशिका, 15 वर्षीय काजल देवी, 10 वर्षीय रालू, सात वर्षीय लक्ष्य, 13 वर्षीय शोभा, 16 वर्षीय हर्ष और 15 वर्षीय सत्यम को अलग-अलग स्थानों पर दफ्नाया गया। कलेजे के इन टुकड़ों को हमेशा के लिए विदा करना आसान नहीं था। कब्रों में इन मासूमों के शवों को रखे जाते समय परिजनों के हाथ कांप गए। इस दौरान हर आंख नम थी।
कर्नाटक में हर माह युवाओं को देंगे 3000 और महिलाओं को 2000 रुपए : राहुल गांधी