इजराइल में बाराबंकी के 35 लोग फंसे:वीडियो कॉल पर बोले-बंकर में छिपकर बचा रहे जान; बच्चों को वापस लाने के लिए घरवालों ने की सरकार से अपील

Breaking

बाराबंकी: ईरान और इजराइल के बीच बढ़े तनाव से यूपी के लोग भी प्रभावित हैं। बाराबंकी के 35 लड़के इजराइल के तेल अवीव शहर में फंसे हैं। ये सभी वहां काम करने गए थे। मंगलवार रात ईरान ने मिसाइलों से हमला किया तो इन सभी के परिवार वाले परेशान हो गए। दिन में कई-कई बार वीडियो कॉल करके लोग अपने परिजनों की सलमाती जानने की कोशिश कर रहे हैं।इजराइल में रह रहे लोगों का कहना है कि मंगलवार रात करीब 10 बजे अचानक सायरन बजा। खिड़की से बाहर देखा तो आसमान से मिसाइलें गिर रही थीं। लोग जोर-जोर से चिल्ला रहे थे। जान बचाने के लिए हम सभी आसपास के बंकर में छिप जाते हैं। हालांकि, वे अपने-अपने परिवार वालों को यह भी दिलासा देते हैं कि सब कुछ ठीक है।

रोजी-रोटी की तलाश में एक ही गांव से 35 लोग इजराइल गए

नई बस्ती गांव बाराबंकी जिले में देवा थाना क्षेत्र के सालेहनगर में आता है। यहां के जितेंद्र, रंजीत और अखिलेश, प्रिंस प्रताप सिंह, बबलू सिंह समेत 35 लोग इजराइल में रोजी-रोटी कमाने गए हैं। प्रिंस प्रताप सिंह वहां एक होटल में खाना बनाता है। वहीं बबलू भी काम करता है।परिजनों का कहना है कि जब उनके बच्चे गांव से इजराइल गए थे, तो शुरुआत में स्थिति ठीक रही, लेकिन अब हालात बदल गए हैं।

सायरन बजता है, मोबाइल अलर्ट मैसेज भी आता है

इजराइल में मौजूद प्रिंस प्रताप सिंह ने वीडियो कॉल पर बताया- काम करते-करते अचानक से सायरन बजने लगता है। मोबाइल फोन पर अलर्ट का मैसेज आ जाता है। अलर्ट मिलते ही वह अपने आसपास बने बंकर के अंदर जाकर अपनी जान बचाते हैं। बम गिरने की आवाज भी आती हैं, जिससे हम लोगों को डर भी लगता है।हमने कुछ वीडियो बनाए हैं। यहां हालात ठीक नहीं है। यहां काम करने पर पैसा अच्छा मिलता है, इसलिए आए थे। लेकिन, अब फंस गए हैं। घरवाले भी परेशान हैं। यहां की सरकार का कहना है कि भारतीय लोग अपने दूतावास के संपर्क में रहें।

लोग जोर-जोर से चिल्ला रहे…खौफनाक मंजर

बबलू ने बताया- मंगलवार रात के 10 बजे थे। चारों तरफ धमाके की आवाज सुनाई दे रही थीं। खिड़की से बाहर देखा तो आसमान से मिसाइलें गिर रहीं थीं और लोग जोर-जोर से चिल्ला रहे थे। लग रहा था कि खौफनाक मंजर शुरू होने वाला हो।गनीमत है कि इजराइल की तकनीक सुरक्षा इतनी मजबूत है कि ईरान की ज्यादातर मिसाइलों को आसमान में ही चकनाचूर कर दिया। हम लोग काफी डरे हुए हैं। काम भी उस तरीके से अब नहीं चल रहा है। काम से फुर्सत मिलने पर वीडियो कॉल पर परिवारवालों से बात कर लेते हैं।